ललित जोशी
नैनीताल : जनपद नैनीताल काठगोदाम के पास गुलाबघाटी के पास सोनकोट गांव में 58 वर्षीया महिला पर गुलदार द्वारा हमला करने और घटना में महिला की मौत होने की सूचना मिली। यहाँ बता दें महिला जंगल में घास लेने गई थी, इसी दौरान उस पर गुलदार द्वारा हमला किया। घटना की सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच रही है। महिला की मौत के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है।
बताया गया है कि महिला को गुलदार काफी दूर घसीट कर ले गया। बाद में गांव वालों ने महिला का शव जंगल से बरामद किया। घटना के बाद गांव में महिला की मौत से दुःख एवं कोहराम के साथ ही वन्य जीवों से भय भी व्याप्त हो गया है। महिला के पति पूरन सिंह एवं बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोग महिला के परिजनों को वन विभाग से मुआवजे की मांग भी कर रहे हैं। वन संरक्षक दक्षिणी कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव डा. पराग मधुकर धकाते ने बताया महिला के परिजनों को तीन लाख रुपए की मुआवजा धनराशि उपलब्ध करा दी जाएगी।