कानपुर के चौबेपुर क्षेत्र में खूनी खेल के रचियता, वांछित अपराधी, 8 पुलिसकर्मियों की निर्मम हत्या का मुख्य आरोपी, विकास दुबे बीते शुक्रवार की सुबह पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। विकास दुबे का एनकाउंटर कानपुर के पास भऊती में हुआ, भागने की कोशिश में विकास दुबे को पुलिस ने ढेर कर दिया है।
समाचार एजेंसी एएनआई से मिली जानकारी के मुताबिक, कानपुर पश्चिम के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गाड़ी के पलटने के बाद विकास दुबे ने घायल पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस उससे सरेंडर कराने की कोशिश कर रही थी, उसी दौरान उसने एक पुलिसकर्मी पर गोली चला दी और जवाबी कार्यवाही में विकास दुबे गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल विकास दुबे को आनन् फानन में पुलिस कर्मियों द्वारा अस्पताल ले जाया गया, जहाँ अस्पताल प्रशासन ने विकास दुबे को मृत घोषित कर दिया है. बताया जा रहा है कि जो गाड़ी पलटी थी, विकास दुबे उसी में सवार था. सूत्रों के मुताबिक, एसटीएफ का कहना है कि विकास दुबे ने पुलिस कर्मी से हथियार छीना और 2-3 किलोमीटर भागा, इसके बाद एनकाउंटर में उसे मार गिराया गया।
बता दें, विकास दुबे को गुरुवार सुबह उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया गया था, उत्तर प्रदेश पुलिस की एस टी एफ उसे मध्य प्रदेश से उत्तर ला रही थी। इसी दौरान हथियार छीन कर भागने और फायरिंग करने पर पुलिस के साथ उसका एनकाउंटर हुआ। घटना के बाद सामने आ रही तस्वीरों में विकास दुबे को स्ट्रेचर पर लेटा हुआ ले जाते हुए दिखाया जा रहा है।