अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश के ट्रामा सर्जरी विभाग की टीम ने हाल ही में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल एक महिला का जटिल ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई है। कूकेहाड़ी, हरिद्वार निवासी महिला को 29 मई 2020 की सुबह करीब 8 बजे किसी ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
डाक्टरों के मुताबिक घायल महिला के शरीर के बाएं कंधे, छाती, पेट, बाईं जांघ व बाएं हाथ की कलाई पर अनगिनत छर्रे लगे हुए थे। शरीर के तमाम हिस्सों में छर्रे लगने से लगातार खून का रिसाव हो रहा था। पेट में छर्रे लगने से आंतों में सुराख हो गया। जिसके चलते महिला का तुरंत जटिल ऑपरेशन करने का फैसला लिया गया। ट्रामा सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. कमर आजम की देखरेख में असिस्टेंट प्रोफेसर डा. अजय कुमार, सीनियर रेजिडेंट डा. रूबी कटारिया व डा. विशाल पाटिल इस जटिल सर्जरी को अंजाम दिया। महिला को पूर्णरूप से स्वस्थ होने के बाद हाॅस्पिटल से डिस्चर्ज कर दिया गया।
संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर रविकांत ने बताया कि इमरजेंसी व ट्रामा से संबंधित जटिल मामलों के लिए संस्थान के पास वेंटीलेटर सिस्टम व आईसीयू की मुकम्मल सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि गोली लगने जैसे मामलों में मरीजों में सबसे अधिक ब्लड की जरूरत होती है, लिहाजा हमारे पास संस्थागत ब्लड बैंक के माध्यम से 24 घंटे रक्त की सुविधा उपलब्ध है, जिससे मरीज की जान को बचाया जा सके व उसके इलाज में किसी तरह की दिक्कतें नहीं आए।