भारतीय सेना में भर्ती होने का जितना उत्साह उत्तराखंड के नौजवानों के अंदर दिखता है, वह शायद ही कहीं और दिखता हो। उनकी रग-रग में भारतीय सेना खून की तरह बहती है। देश की आन-बान-शान की रक्षा के लिए मर मिटने की कसम लेकर उत्तराखंड के 192 जवानों ने गढ़वाल राइफल्स के थल सेना में शामिल हो गए। गढ़वाल राइफल्स के भवानी दत्त परेड ग्राउंड में कोर 92 के 192 कैडेट्स के लिए कसम परेड समारोह का आयोजन किया गया। इस माैके पर समीक्षा अधिकारी कर्नल कुनाल सिन्हा ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। इस दाैरान नवप्रशिक्षित कैडेट्स ने शानदार ड्रिल का प्रदर्शन किया।
समीक्षा अधिकारी ने परेड को संबोधित कर जवानों को भारत माता की सेवा और सुरक्षा में कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने देश की सीमाओं पर गंभीर स्थितियों के बीच भारतीय सेना के फर्ज के बारे में बताया। परेड के दौरान नवप्रशिक्षित कैडेट्स ने राष्ट्रीय ध्वज को साक्षी मानकर व धार्मिक ग्रंथ गीता को स्पर्श कर शपथ ग्रहण की। उधर, कोरोना वायरस के चलते परेड के दौरान जहां सामाजिक दूरी का पालन किया गया, वहीं वैश्विक महामारी कोविड-19 के चलते नवप्रशिक्षित कैडेट्स के स्वजन परेड में शामिल नही हो पाए।