रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं। आज राजनाथ सिंह बाबा बर्फानी का दर्शन करने अमरनाथ मंदिर पहुंचे हैं, यहां उन्होंने सुरक्षा इंतजामों का जायजा भी लिया। इस दौरान उनके साथ सीडीएस बिपिन रावत और सेनाध्यक्ष नरवणे भी मौजूद रहे। इससे पहले शुक्रवार को राजनाथ सिंह लद्दाख पहुंचे थे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लद्दाख पहुंचकर सैनिकों से रूबरू होते हुए चीन को सीमा विवाद को लेकर बेहद कड़ा संदेश देते हुए कहा कि दुनिया की कोई ताकत भारत की एक इंच जमीन पर कब्जा नहीं कर सकती है। LAC पर पहुंचकर राजनाथ सिंह ने जवानों का मनोबल बढ़ाया। राजनाथ सिंह ने कहा था कि हमें भारतीय सेना पर नाज है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लद्दाख में जवानों को संबोधित करते हुए कहा था कि भारत दुनिया का इकलौता देश है जिसने सारे विश्व को शांति का संदेश दिया है। हमने किसी भी देश पर कभी आक्रमण नहीं किया है और न ही किसी देश की जमीन पर हमने कब्जा किया है। भारत ने वसुधैव कुटुम्बकम का संदेश दिया है।
राजनाथ सिंह ने कहा था कि हम अशांति नहीं चाहते हम शांति चाहते हैं। हमारा चरित्र रहा है कि हमने किसी भी देश के स्वाभिमान पर चोट मारने की कभी कोशिश नहीं की है। भारत के स्वाभिमान पर यदि चोट पहुंचाने की कोशिश की गई तो हम किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे और मुंहतोड़ जवाब देंगे।